ईरान ने मार गिराए अमेरिका के दो लड़ाकू विमान
तेहरान/वाशिंगटन. मिडिल ईस्ट में जारी भीषण संघर्ष के बीच ईरान ने शुक्रवार को अमेरिकी सेना के दो विमानों को मार गिराकर सबको चौंका दिया। पांच सप्ताह से जारी इस युद्ध में यह पहला मौका है, जब ईरानी डिफेंस सिस्टम अमेरिकी विमानों को निशाना बनाने में सफल रहा है। यह घटना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के ठीक दो दिन बाद हुई है, जिसमें उन्होंने ईरान की वायु रक्षा प्रणाली को पूरी तरह तबाह करने और ‘आसमान पर पूर्ण नियंत्रण’ की बात कही थी।
एफ-15ई और ए-10 विमान हुए शिकार
पेंटागन और ईरानी सैन्य सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई में एक एफ-15ई स्ट्राइक ईगल और एक ए-10 वॉर्थोग विमान को निशाना बनाया गया। एफ-15ई विमान ईरान की सीमा के भीतर गिरा। इसमें सवार दो सदस्यों में से एक को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि चालक दल का दूसरा सदस्य अब भी लापता है। वहीं, दूसरा ए-10 विमान फारस की खाड़ी (Persian Gulf) के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। अमेरिकी अधिकारी फिलहाल इसकी जांच कर रहे हैं कि ए-10 विमान तकनीकी खराबी का शिकार हुआ या उसे ईरानी गोलाबारी ने गिराया।


