October 17, 2026
जापानी ब्रांड नितोरी ने मुंबई में खोला भारत का दूसरा स्टोर जापानी होम फर्निशिंग ब्रांड नितोरी ने भारत में बढ़ाया कदम
दिवाली से पहले जापानी ब्रांड नितोरी की नई शुरुआत, मुंबई में खोला दूसरा भारतीय स्टोर
मुंबई /अनिल बेदाग: जापानी फर्नीचर और होम फर्निशिंग ब्रांड नितोरी ने मुंबई के बोरीवली स्थित स्काई सिटी मॉल में भारत का अपना दूसरा स्टोर शुरू किया है। दिवाली से पहले हुई इस शुरुआत के साथ नितोरी ग्रुप के वैश्विक स्टोर नेटवर्क की संख्या बढ़कर 1,093 हो गई है। दिसंबर 2024 में भारत में प्रवेश करने के बाद ब्रांड का यह विस्तार भारतीय बाजार में उसकी बढ़ती महत्वाकांक्षाओं को दर्शाता है।
मॉल के लोअर ग्राउंड फ्लोर पर स्थित यह स्टोर ग्राहकों को फर्नीचर और घर सजाने से जुड़े उत्पादों के विकल्प उपलब्ध कराएगा। कंपनी का जोर डिजाइन, उपयोगिता और किफायती कीमतों पर रहेगा।
नितोरी के सीओओ, प्रतिनिधि निदेशक एवं अध्यक्ष तोशियुकी शिराई ने कहा, “भारत नितोरी के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है और यहां अधिक से अधिक ग्राहकों तक फर्नीचर एवं होम फर्निशिंग के प्रति अपना दृष्टिकोण पहुंचाने की अपार संभावनाएं हैं।”
उन्होंने कहा कि कंपनी ऐसे उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए उत्सुक है, जो रोजमर्रा के जीवन को अधिक आरामदायक और आनंददायक बनाएं।


