पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 8 गाड़ियों से 5800 लीटर अवैध डीजल बरामद
कोरबा। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सजग कोरबा सतर्क कोरबा अभियान के तहत गुरुवार को कुसमुण्डा और दीपका पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर 8 वाहनों को पकड़ा है, जिनमें अवैध रूप से और असुरक्षित तरीके से भारी मात्रा में डीजल का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस की इस मुस्तैदी से जहां डीजल चोरी के सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है, वहीं एक बड़े संभावित हादसे को भी टाल दिया गया है।
0 कुसमुण्डा और दीपका पुलिस की संयुक्त घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के स्पष्ट निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना कुसमुण्डा, थाना दीपका और चौकी सर्वमंगला की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की। इस दौरान कुसमुण्डा क्षेत्र से 5150 लीटर और दीपका क्षेत्र से 650 लीटर सहित कुल 5800 लीटर डीजल जब्त किया गया है।


