विधायक अटल किसानों के साथ कलेक्टर से मिले, धान खरीदी में अनियमित्ता का लगाया आरोप
बिलासपुर। कोटा विधायक और कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव ने धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन पर हमला बोला है। उनका कहना है कि जिले में एक तरफ धान की खरीदी में धांधली और अनियमितता बरती जा रही है। वहीं, दूसरी तरफ केंद्रों में किसानों में हाहाकार मचा है। राज्य शासन के निर्देश के बाद भी जिले में 21 क्विंटल की जगह केवल 14 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। इसके अलावा, कोटा क्षेत्र के दार-सागर केंद्र में धान की खरीदी ही शुरू नहीं की गई है।
धान खरीदी में किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में बड़े पैमाने पर धान की अवैध खरीदी हो रही है। जिले में बिचौलिए सक्रिय हैं, जिनकी अधिकारियों और खरीदी केंद्र प्रभारियों से मिलीभगत है। केंद्रों में दूर-दराज से आने वाले किसान टोकन लेकर पहुंच रहे हैं। देरी होने के कारण उन्हें देर रात तक तौलाई कराने के लिए खड़े रहना पड़ रहा है। जिससे किसानों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि, धान खरीदी में अव्यवस्था के चलते किसानों को आर्थिक, शारीरिक और मानसिक दिक्कतें हो रही है। इलाके के किसान किसी भी हाल में बेलगहना मंडी में धान नहीं बेचना चाहते। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कलेक्टर से मिलकर इस पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि दार-सागर समिति में धान खरीदी केंद्र बनाया गया है, लेकिन धान की खरीदी नहीं की जा रही है।


