विधायक कविता की छात्र अधिकार पदयात्रा 16 कि.मी. पैदल चलकर दिया मजबूत समर्थन

बिलाईगढ़। सरसींवा में महाविद्यालय (कॉलेज) की स्थापना की वर्षों पुरानी माँग को लेकर आज सारंगढ़ बिलाईगढ़ NSUI द्वारा छात्र अधिकार पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा सरसींवा से सारंगढ़ तक लगभग 16 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवा साथियों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया।
इस पदयात्रा की सबसे अहम बात यह रही कि क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक स्वयं छात्रों के साथ पूरे 16 कि.मी. पैदल चलीं और उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया। भीषण गर्मी और लंबी दूरी के बावजूद विधायक का छात्रों के साथ चलना यह दर्शाता है कि वे शिक्षा को लेकर कितनी गंभीर और संवेदनशील हैं।
विदित हो कि सरसींवा क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए वर्षों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलेज नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को बिलाईगढ़, भटगाँव, सारंगढ़, रायगढ़, सराईपाली अथवा अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक, सामाजिक और सुरक्षा संबंधी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। विशेषकर ग्रामीण, आदिवासी एवं गरीब परिवारों के विद्यार्थियों के लिए यह स्थिति अत्यंत कठिन है।
पदयात्रा के दौरान विधायक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सरसींवा में कॉलेज की स्थापना केवल छात्रों की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य की माँग है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस विषय को वे शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग के समक्ष पूरी मजबूती से रखेंगी और जब तक कॉलेज स्वीकृत नहीं हो जाता, तब तक यह आवाज़ दबने नहीं दी जाएगी।
छात्रों ने भी एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं बल्कि शिक्षा के अधिकार और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए है।
सरसींवा में कॉलेज स्थापना की माँग पूरी होने तक यह संघर्ष और पदयात्राएँ निरंतर जारी रहेंगी।

