अंबिकापुर जेल से फरार हत्या का सजायाफ्ता कैदी ने बिलासपुर में खाया जहर
0 कैदी की पत्नी ने अंबिकापुर जेल प्रशासन पर लगाया प्रताडऩा का आरोप
बिलासपुर। अंबिकापुर केंद्रीय जेल में बंद हत्या का सजायाफ्ता कैदी भागकर बिलासपुर पहुंच गया और उसने कल रात जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती कराया गया है।
मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम मल्हार निवासी मुकेश कांत को हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा हुई है। सजा के बाद उसे बिलासपुर केंद्रीय जेल में रखा गया था। साल 2024 में जेल में मारपीट का मामला सामने आने के बाद उसे अंबिकापुर केंद्रीय जेल भेज दिया गया था। जहां वह लंबे समय से सजा काट रहा था। 4 अक्टूबर शनिवार को वह बीमार पड़ा तो उसे जेल से मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। कैदी मुकेश कांत अस्पताल में सुरक्षा प्रहरियों को बाथरूम जाने की बात कहकर वार्ड से निकला। वह काफी देर तक नहीं लौटा तो प्रहरियों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसकी सूचना जेल प्रबंधन को दी गई। दूसरी ओर कल मंगलवार को मुकेश ने बिलासपुर पहुंच कर कलेक्टर कार्यालय में सरेंडर किया। कलेक्टर कार्यालय के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने मुकेश को हिरासत में लिया। फिर उसे जेल दखिल कराने के लिए सेंट्रल जेल बिलासपुर ले गए। इसके बाद का घटनाक्रम काफी उलझा हुआ है। पुलिस का कहना है कि उसे जेल दाखिल करा दिया गया था, जबकि जेल प्रशासन का कहना है कि कैदी को जेल दाखिल नहीं कराया गया था। इस बीच बुधवार को जेल प्रशासन ने ही मुकेश को गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती कराया। पूछताछ में पता चला कि मुकेश ने जहर सेवन किया है। फिलहाल सिम्स में उसका इलाज चल रहा है।