नांद मंजरी का महाकुंभ:देश भर से 550 कलाकार जुटेंगे

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरती पर एक बार फिर संगीत,कला और प्रतिभा का विराट संगम होने जा रहा है।  राष्ट्रीय स्तर की संगीत प्रतियोगिता “नाद मंजरी सीजन-3” का भव्य चार दिवसीय आयोजन 26 से 29 जून तक कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम, बिलासपुर में किया जाएगा। देशभर से आए 550 से अधिक कलाकार विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर मंच को सुर,ताल और लय के अद्भुत रंगों से सराबोर करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, नाद मंजरी अब केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि देश की उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला एक प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंच बन चुका है। इस वर्ष प्रतियोगिता में शास्त्रीय गायन, सुगम संगीत, लोकगीत, वाद्य यंत्र वादन, नृत्य एवं अन्य कला विधाओं के प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति देंगे। चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन कला प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा।
कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, थावे विद्यापीठ के कुलपति विनय कुमार पाठक, न्यायमूर्ति डॉ.चंद्रभूषण बाजपेयी,जेपी वर्मा कालेज के प्रिंसिपल डॉ. श्याम लाल निराला,समाज सेवी प्रवीण झा, पूर्व बीडीए अध्यक्ष अनिल टाह,प्रभारी कलेक्टर प्रकाश सर्वे,एसएसपी रजनेश सिंह,जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल,प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा,प्रेस क्लब सचिव संदीप करिहार, समाज सेवी शैलेंद्र कुशवाहा, शिवसेना की महिला अध्यक्ष रेवती यादव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
आयोजन समिति का कहना है कि नाद मंजरी का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि देशभर की प्रतिभाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है जहां उनकी कला को सम्मान, पहचान और नए अवसर मिल सकें। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विशेष सम्मान, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
संस्था के महासचिव सुरेंद्र वर्मा, दीपक, तरुण मिश्रा, शगुफ्ता परवीन सहित दर्जनभर से अधिक वालंटियर एवं कार्यकर्ता व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। पंजीयन, मंच संचालन, अतिथि सत्कार, प्रतिभागी समन्वय एवं अन्य व्यवस्थाओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका देखने को मिलेगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *