जयपुर के दो केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण दोबारा होगी नीट-पीजी की परीक्षा
नयी दिल्ली. चिकित्सा के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए रविवार को आयोजित नीट-पीजी-2026 परीक्षा में 2.63 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। राजस्थान के जयपुर में दो परीक्षा केंद्रों की बिजली आपूर्ति बाधित होने की वजह से परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान कम्प्यूटर बार-बार बंद हो रहे थे, जिससे उन्हें सवाल हल करने में परेशानी हुई। तकनीकी व्यवधान के बीच कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए और व्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया।
आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड ने कहा कि प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए जयपुर में पांच सितंबर को अपराह्न तीन बजे दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जयपुर के सीतापुरा में दो आईओएन डिजिटल जोन सेंटर पर परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी और तकनीकी साझेदार टीसीएस लिमिटेड की वजह से बिजली आपूर्ति में आई अंदरूनी समस्या के कारण 2,445 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। बोर्ड ने तकनीकी साझेदार और एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई तय करने के लिए तत्काल बैठक बुलाई है।


