बीजेपी सरकार में अफीम की हो रही खेती
जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण व शहर अध्यक्षों ने गृहमंत्री से मांगा इस्तीफा
बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं शहर जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री व सुधांशु मिश्रा ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ दल भाजपा और सरकार के संरक्षण में प्रदेश में अफीम की खेती की जा रही है । यह मामला उजागर हों जाने के बाद गृहमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जानी चाहिए।
कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दुर्ग के समोदा गांव में एक खुलासा हुआ कि वहां पर एक फार्म हाउस के अंदर लगभग 10 एकड़ में अफीम की खेती हो रही थी। यह अफीम की खेती भाजपा नेता विनायक चंद्राकर करवा रहा था। विनायक चंद्राकर भाजपा के दुर्ग जिले का किसान मोर्चा का पूर्व अध्यक्ष है। वर्तमान में वह भाजपा के राईस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प का प्रदेश संयोजक है। भाजपा के सभी कार्यक्रमों में उसकी महत्वपूर्ण और सक्रिय भागीदारी रहती है। वह भाजपा का स्थापित नेता और प्रदेश पदाधिकारी है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह, तोखन साहू गृह मंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, भाजपा के राष्ट्रीय नेता अजय जामवाल, शिवप्रकाश सहित अनेकों नेताओं के साथ आरोपी भाजपा नेता की तस्वीरें सोशल मीडिया में है। बिना सरकार के संरक्षण के कोई अफीम की खेती खुलेआम करे यह संभव नहीं है। भाजपा जब से सरकार में आई जुआ, सट्टा, शराब की तस्करी बढ़ गई, नशे का कारोबार बढ़ गया, सत्ता में बैठे लोग इसको संरक्षण देते है। इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेकर गृह मंत्री इस्तीफा दें।


