रूस ने कीव में ड्रोन और मिसाइल से बड़ा हमला किया, तीन लोगों की मौत, 12 अन्य घायल

 

कीव. रूस ने बृहस्पतिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से बड़ा हमला किया, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी और 24 अन्य घायल हो गए। स्थानीय प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कीव के शहरी प्रशासन के प्रमुख तैमूर त्काचेंको ने प्रारंभिक सूचना के हवाले से बताया कि मृतकों में 14 वर्षीय लड़की भी शामिल है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। त्काचेंको ने बताया कि डार्नित्स्की प्रांत में पांच मंजिला आवासीय इमारत पर सीधा हमला हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘सबकुछ नष्ट हो गया है।”

मध्य कीव में हमले के कारण एक प्रमुख सड़क पर टूटे हुए कांच के टुकड़े बिखर गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच यूक्रेन में तीन साल से जारी युद्ध को खत्म करने पर चर्चा के लिए इस महीने की शुरुआत में हुई बैठक के बाद बृहस्पतिवार को हुआ हमला कीव पर रूस द्वारा किया गया पहला बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला है।

हालांकि, उस बैठक के तुरंत बाद युद्ध समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों में तेजी आई, लेकिन अगले कदमों के बारे में बहुत कम जानकारी सामने आई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने उम्मीद जतायी है कि अगर पुतिन युद्ध समाप्त करने के प्रति गंभीरता नहीं दिखाते हैं, तो रूसी अर्थव्यवस्था को पंगु बनाने के लिए अमेरिका और कड़े प्रतिबंध लगाएगा।

Tags:,

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!