रेत लोड़ ट्रैक्टर पलटा, एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल
बिलासपुर। अवैध रुप से रेत परिवहन करते तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ट्राली के उपर बैठे दो नाबालिग मजदूर दब गए। जिससे एक की मौत हो गई। दूसरा मजदूर की हालत गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है।
ग्राम गढ़वट के अवैध रेत घाट से नियम विरुद्ध रेत खनन व परिवहन किया जा रहा है। बुधवार को रेत लोड कर ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 12 बीएस 5759 जा रहा था। ट्राली के उपर नाबालिग मजदूर अमित कश्यप और अमित यादव बैठे थे। ट्रैक्टर चालक तेजी व लापरवाह पूर्वक चला रहा था। शाम 4 बजे ग्राम गढ़वट के पास ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे दोनो मजदूर रेत के अंदर दब गए। इस घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आनन फानन में ग्रामीणों की मदद से ट्राली के अंदर दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया। अमित की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घायल अमित यादव के कमर में गंभीर चोटें आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम जांच करने मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई व पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। इस मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।


