भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी
दिल्ली/जयपुर : उत्तर-पश्चिम एवं मध्य भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान गत दिवस 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो देश में सबसे अधिक था। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में उष्मा सूचकांक (Heat Index) खतरनाक 51.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उष्मा सूचकांक वह तापमान है, जो सापेक्ष आर्द्रता के वायु के तापमान के साथ मिलने पर मानव शरीर को महसूस होता है।
दिल्ली के विभिन्न मौसम केंद्रों में तापमान 40.9 से 45.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने बताया कि शाम 5.30 बजे दिल्ली का आयानगर 45 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म इलाका रहा, जबकि पालम में 44.5 डिग्री, रिज में 43.6 डिग्री, पीतमपुरा में 43.5 डिग्री, लोधी रोड में 43.4 डिग्री, मयूर विहार में 40.9 डिग्री और सफदरजंग में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी ने यह भी बताया कि 26-27 मई से महाराष्ट्र के तट के पास रुके दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले दो से तीन दिनों में फिर से सक्रिय होने की उम्मीद है। विभाग ने बताया कि भारत में मानसून के जल्दी दस्तक देने से मई में सामान्य से अधिक ठंड रही और साथ ही देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों में गरज के साथ बारिश हुई।
विभाग के मुताबिक, लेकिन जून की शुरुआत से बारिश की कमी के कारण तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है, जिससे आठ-नौ जून से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में लू की स्थिति पैदा हो गई है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्यप्रदेश में कम से कम 22 स्थानों पर बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। आंकड़ों के मुताबिक, राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक था।