देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू का अलर्ट, पारा रहेगा हाई
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले तीन महीनों (अप्रैल से जून) के लिए देश के बड़े हिस्से में भीषण लू (Heatwave) चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, इस साल गर्मी अपने कड़े तेवर दिखाएगी और लू चलने वाले दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने वाली है। उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों, विशेषकर हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में पारा सामान्य से काफी ऊपर जाने की संभावना है, जिसका सीधा असर न केवल जनजीवन पर बल्कि कृषि क्षेत्र पर भी पड़ेगा।
किन राज्यों में सबसे ज्यादा होगा असर?
मौसम विभाग के महानिदेशक के अनुसार, अप्रैल-जून की अवधि में देश के अधिकांश हिस्सों में लू का प्रकोप रहेगा। इस सूची में राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश जैसे प्रमुख राज्य शामिल हैं। इसके अलावा पूर्वी और मध्य भारत के हिस्से जैसे बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और दक्षिण में तेलंगाना व आंध्र प्रदेश में भी जबरदस्त तपिश महसूस की जाएगी।


