June 18, 2024

आंध्र प्रदेश में सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत

नयी दिल्ली. तीन राज्यों आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश व झारखंड में शुक्रवार सुबह हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में कई घायल भी हुए हैं। घायलों का अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में शुक्रवार को एक कंटेनर वाहन और मिनी ट्रक की टक्कर होने से हुए हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार यह‍ घटना सुबह करीब पांच बजे सीतानापल्ली में घटी।

दोनों वाहनों के चालकों और तीन अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के समय एक वाहन में दस लोग सवार थे जबकि दूसरे वाहन में एक चालक और एक सहायक था। मामले की जांच की जा रही है।

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में शुक्रवार तड़के श्रद्धालुओं को मंदिर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो लड़कियों और दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालु रतनगढ़ माता मंदिर जा रहे थे, तभी मैथाना पाली के पास सुबह करीब 4.30 बजे यह दुर्घटना हुई। अधिकारी ने बताया कि वाहन सड़क से उतरकर पलट गया और 15 फीट नीचे पुलिया में जा गिरा। इस दुर्घटना में दो लड़कियों और दो महिलाओं की मौत हो गई।

दतिया के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि एक घायल लड़की को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है और दूसरी को झांसी ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य घायलों का इलाज जिले में चल रहा है।

झारखंड के गढ़वा जिले में एक ऑटोरिक्शा और ट्रक की टक्कर में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हादसा बृहस्पतिवार देर रात करीब डेढ़ बजे बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के पाल्हे गांव के नजदीक हुआ।

थाना प्रभारी आदित्य नायक ने बताया कि 12 लोग ऑटोरिक्शे में सवार होकर नगर उंटारी रेलवे स्टेशन जा रहे थे और उन्हें गुजरात जाने वाली ट्रेन पर सवार होना था। रास्ते में उनके ऑटो और विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के बीच टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post बेदाग सुंदरता और आकर्षण से दिलों पर वार करती सुप्रीम कोर्ट की वकील सना रईस खान 
Next post कुल्‍लू में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.0 रही तीव्रता
error: Content is protected !!