केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र के इस्तीफे के बाद छात्रों ने निकाली विजय रैली
छात्रों ने सभी एफआईआर को वापस लेने की मांग की
बिलासपुर। नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बिलासपुर में छात्र संगठनों ने विजय रैली निकालकर इसे आंदोलन की पहली बड़ी जीत बताया। छात्रों और युवाओं ने शहर में मार्च निकालते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और कहा कि उनकी लड़ाई केवल एक इस्तीफे तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने की है।
रैली के दौरान छात्रों ने जय भीम, एनटीए रद्द करो और छात्र एकता जिंदाबाद जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारी शहर की सडक़ों पर मार्च करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते रहे। प्रदर्शन में शामिल छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया। छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा छात्रों पर दर्ज मामलों की निंदा करते हुए सभी मुकदमे तत्काल वापस लेने और गिरफ्तार छात्रों को रिहा करने की मांग की। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग उचित नहीं है। छात्र नेताओं ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा आंदोलन की पहली सफलता जरूर है, लेकिन उनकी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होतीं और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक आंदोलन और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।


