3.24 लाख की सागौन, साल शीशम लकड़ी जब्त, आरोपी फरार
बिलासपुर। ग्रामीण अपने घर के अंदर 3.24 लाख की सागौन, साल शीशम की लकड़ी छुपाकर रखा था। सूचना पर वन विभाग की टीम दबिश दी। घर के अंदर से लकड़ी जब्त किया गया है। इस बीच दो आरोपी चकमा देकर फरार हो गए।
मुख्य वन संरक्षक और वनमंडल अधिकारी को कोटा वन परिक्षेत्र में जंगलों की अवैध कटाई कर इमारती लकडिय़ों के तस्करी करने की जानकारी मिल रही थी। इस पर अफसरों ने विभाग के मैदानी अमले को मुखबिर लगाकर तस्करों की धरपकड़ करने के निर्देश दिए। इस दौरान टीम को जानकारी मिली कि कोटा वन परिक्षेत्र से सागौन, साल और शीशम जैसे कीमती लकडिय़ों को काटकर भंडारण किया गया है। अफसरों के निर्देश पर वन विभाग के उडऩदस्ता और पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च वारंट के आधार पर तखतपुर विकासखंड के अमलीकांपा गांव में पिंकू खांडे और गीता खांडे के घर दबिश दी। इस दौरान टीम ने घर की तलाशी ली, तभी बाड़ी में बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी और एक रमदा मशीन बरामद हुई। जब्त वनोपज में 2.372 घन मीटर सागौन, 0.794 घन मीटर साल और 0.040 घन मीटर शीशम शामिल है। जब्त की गई लकड़ी की कुल कीमत करीब 3 लाख 24 हजार 370 रुपए आंकी गई है। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।


