तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ा, करीब 1,500 पर्यटक फंसे
गंगटोक : सिक्किम में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण मुख्य मार्ग के बाधित हो जाने से शनिवार को उत्तर सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में करीब 1,500 पर्यटक फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दूसरी ओर भारी बारिश के कारण लापता आठ पर्यटकों की तलाश में बाधा आई और तीस्ता नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद अंततः तलाश अभियान स्थगित कर दिया गया।
मंगन जिले में तीस्ता नदी में बृहस्पतिवार रात एक वाहन के गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि आठ अन्य लापता हैं। लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुन्सिथांग के पास यह वाहन 1,000 फुट से अधिक गहराई में नदी में गिर गया था। मंगन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोनम देचू भूटिया ने बताया कि लाचेन में 115 पर्यटक और लाचुंग में 1,350 पर्यटक फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को बाधित हुई बिजली आपूर्ति आज शाम बहाल हो गई, जबकि रविवार तक पेयजल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि करीब 24 घंटे बाद अपराह्न लगभग तीन बजे मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बहाल हो सकी। यहां एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में बादल फटने से हुई भारी वर्षा के कारण तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
Related Posts

साना मारिन बनी दुनिया की सबसे कम उम्र की प्रधानमंत्री, 34 साल की उम्र में करेंगी इस देश पर राज…

दुष्कर्म करने वाले आरोपी की जमानत खारिज
