शहर को जल्द मिलेगी ऑटोमेटेड पार्किंग, नंबर प्लेट से ऑटोमेटिक मिलेगी पर्ची

 

 

बिलासपुर। ऑटोमेटेड मल्टीलेवल शटल टाइप कार पार्किंग की सबसे खास विशेषता इसकी स्वचालित पार्किंग व्यवस्था होगी। वाहन चालक को कार लेकर पार्किंग के निर्धारित ग्राउंड फ्लोर क्षेत्र में पहुंचना होगा। इसके बाद लिफ्ट और स्वचालित शटल सिस्टम के माध्यम से कार को निर्धारित स्थान पर पार्क किया जाएगा। इससे कम जगह में अधिक वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क किया जा सकेगा और वाहन चालकों को पार्किंग में सुविधा मिलेगी।

बिलासपुर का तीसरा मल्टी लेवल पार्किंग करीब एक महीने में बन कर तैयार हो जाएगा। इससे पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या दूर होने का दावा किया जा रहा है। पुरान बस स्टैंड में करीब 12 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से तैयार हो रही इस अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा का लाभ शहरवासियों को एक माह के भीतर मिलने की उम्मीद है। नगर निगम एवं बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा तैयार की जा रही ऑटोमेटेड मल्टीलेवल शटल टाइप कार पार्किंग का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निर्माणाधीन पार्किंग भवन का निरीक्षण कर अंतिम चरण में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को शेष कार्य तेजी से पूरा कर निर्धारित समयावधि में पार्किंग शुरू करने के निर्देश दिए। पार्किंग में प्रवेश करने वाले वाहनों की नंबर प्लेट मशीन द्वारा ऑटोमेटिक तरीके से रीड की जाएगी। इसके आधार पर पार्किंग की पर्ची जारी होगी। इस तकनीक से वाहनों की एंट्री और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित और सुगम बनाया जाएगा।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *