अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना ही भाजपा का मुख्य ध्येय: अमर अग्रवाल
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के ‘बस्ती चलो अभियान’ के तहत बिलासपुर के वरिष्ठ नेता एवं विधायक अमर अग्रवाल ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न वार्डों का सघन दौरा कर जनसंवाद किया। इस दौरान वार्डवासियों ने जहाँ एक ओर अपनी समस्याएं साझा कीं, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के लिए अमर अग्रवाल के प्रयासों की जमकर सराहना भी की।
अभियान की शुरुआत वार्ड क्रमांक 21, सूर्यवंशी भवन (ओम नगर) से हुई। यहाँ नागरिकों को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का सदैव यह प्रयास रहा है कि विकास की मुख्यधारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता का साथ और विश्वास ही उनकी असली शक्ति है। बैठक में उपस्थित नागरिकों ने पूर्व मंत्री के समक्ष अपनी बातें रखीं और विकास की इस यात्रा में अपना पूर्ण समर्थन जताया।
वार्डों में हुआ आत्मीय स्वागत, सराहे गए कार्य
इसके पश्चात श्री अग्रवाल वार्ड क्रमांक 28 (शिव मंदिर भवन, विद्यानगर) और वार्ड क्रमांक 37 (दुर्गा मंच भवन, खटीक मोहल्ला) पहुँचे। यहाँ वार्डवासियों ने पूर्व मंत्री का आत्मीय स्वागत किया और उनके पिछले कार्यकाल के दौरान हुए कार्यों को सराहा। जनसंपर्क का यह सिलसिला वार्ड नंबर 32 रामनगर (रामकुमार शुक्ला निवास, गोडपारा) और वार्ड क्रमांक 23 (अंबेडकर नगर) तक पहुँचा। इन बैठकों में स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और श्री अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निराकरण हेतु निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
राइज छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम में हुए शामिल
बस्तियों के दौरे के बाद श्री अमर अग्रवाल होटल कोर्टयार्ड मैरिएट में आयोजित ‘राइज छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम में शामिल हुए। यहाँ उन्होंने प्रदेश की प्रगति और बिलासपुर के भविष्य की कार्ययोजनाओं पर प्रबुद्धजनों के साथ विचार साझा किए।


