निगम ने 1860 मवेशी पकडक़र गौधाम में छोड़ा
बिलासपुर। बारिश के मौसम में सडक़ों पर बैंठे मवेशियों को नगर निगम द्वारा पकडऩे का अभियान लगातार जारी है। निगम के अतिक्रमण शाखा की टीम ने हाईकोर्ट मार्ग समेत शहर के अन्य हिस्सों से 1860 घुमंतु मवेशियों को पकड़ा है।
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर नगर निगम की टीम दिन के अलावा रात में भी विशेष अभियान चलाकर सडक़ों पर घूमने वाले मवेशियों को पकड़ रही है। जैतपुरी, रहंगी गोधाम और सिरगिट्टी, मोपका गोठान में रखा गया है। निगम का यह अभियान सडक़ पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोंकने और सडक़ पर घूमने वाले गोधन को सुरक्षित रखने के साथ ही सडक़ों को पशु मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा है। पशुओं को खुले में घूमने से रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियाप के तहत नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा शहर और बाहरी क्षेत्र में लगातार आवारा मवेशियों को पकडऩे का काम जारी है। इसके अलावा मवेशी मालिकों से अपने पालतू जानवरों को बाहर नहीं छोड़ें इसके लिए भी समझाइश दी जा रही है। ऐसे पशु मालिक जो अपने पशुधन को खुलें में छोड़ देते हैं, उनके खिलाफ नगरीय निकाय अधिनियम 358 के अनुच्छेद 2 के तहत कार्रवाई होगी। जिसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश निगम कमिश्नर ने दिए। इसके अलावा समझाइश और जुर्माने के बाद भी लगातार अपने पशुओं को सडक़ पर छोडऩे वाले मालिकों के खिलाफ आईपीसी के तहत भी मामला दर्ज कराया जाएगा। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने पशुपालकों से अपील करते हुए कहा की अपने गोधन को बाहर ना छोड़ें।अपने पालतू मवेशियों को अपने स्थान पर रख कर चारा-पानी की समुचित व्यवस्था करें।


