एसपी आफिस परिसर में लगे वर्षों पुराने वृक्षों को काटा गया
बिलासपुर. पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मुख्य मार्ग तक तोडफ़ोड़ की गई है। यहां वर्षों पुराने पेड़ों को काटा गया है। लॉकडाउन होने के कारण अधिकांश सरकारी कार्यालय बंद पड़े हैं। बंद के दौरान कलेक्टोरेट मुख्य मार्ग की मरम्मत और नाली निर्माण काम इन दिनों चल रहा है। सड़कों को भी सुधारने का काम चल रहा है। मुख्य मार्ग से एसपी आफिस तक तोडफ़ोड़ की जा रही है, पेड़ों को भी काटा जा रहा है बहुत जल्द ही यहां निर्माण कर सुगम व्यवस्था बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
लॉकडाउन में अधूरे पड़े कामों को सरकारी अमला द्वारा पूरा कराया जा रहा है। खासकर चौक-चौराहों को भी सुधारा जा रहा रहा है। नेहरू चौक, राजीव गांधी चौक, पं. देवकीनंदन दीक्षित चौक सहित अन्य चौराहों पर बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए चबुतरा को तोड़कर छोटा किया जा रहा है। अभी भी नेहरू चौक में निर्माण कार्य चल रहा है। पुराने कम्पोजिट बिल्डिंग और कलेक्टोरेट परिसर में लिफ्ट का निर्माण किया जा रहा है। जिला पंचायत भवन और पीडब्ल्यूडी दफ्तर तक सड़क के दोनों ओर नाली और दीवारों को सुधारा जा रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में खाली पड़ी जमीन को उपयोग में लाने के लिए तोडफोड़ कर मल्टी पार्किंग बनाया जायेगा ताकि सड़कों में वाहनों के कतार न लगे। इसके लिए वर्षों पुराने वृक्षों की बलि चढ़ाई जा रही है।