भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हो रहा है व्यापक हमला – राहुल
नई दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि मौजूदा समय में भारत में “लोकतांत्रिक व्यवस्था पर व्यापक हमला” हो रहा है। कोलंबिया दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि देश के लिए यह जरूरी है कि विभिन्न परंपराओं को पनपने दिया जाए, क्योंकि “हम चीन जैसा नहीं कर सकते जहां लोगों का दमन किया जाता है। एक अधिनायकवादी व्यवस्था चलाई जाती है”।
राहुल गांधी ने कोलंबिया के मेडेलिन स्थित ईआईए विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि चीन की तुलना में भारत की व्यवस्था कहीं अधिक जटिल है। भारत की शक्तियां पड़ोसी देश से बहुत अलग हैं। भारत की एक बहुत पुरानी आध्यात्मिक परंपरा और एक विचार प्रणाली है, जिसमें गहरे और उपयोगी विचार शामिल हैं जो आज की दुनिया के लिए लाभकारी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि परंपरा और सोचने के तरीके के मामले में भारत दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है।