उपाध्याय उद्यान 2.35 करोड़ से और मधुबन मुक्तिधाम 40 लाख से संवरेगा
उद्यान और मुक्तिधाम के विकास कार्यों का भूमि पूजन
बिलासपुर। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर स्वरूप देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने व्यापार विहार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान के 2 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से पुनर्विकास, सौंदर्यीकरण कार्य और मधुबन मुक्तिधाम के 40 लाख रुपए की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर को एक सुंदर, स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर बनाना हमारी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बिलासपुर को प्रदेश के एक विकसित और आधुनिक शहर के रूप में आगे ले जाने के लिए लगातार नए विकास कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान का व्यापक पुनर्विकास व सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। शहर के विकास में सडक़, पानी, नाली और भवन निर्माण के साथ ही नागरिकों को बेहतर वातावरण देने के लिए उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों का विकास भी उतना ही आवश्यक है।
सही समय पर होगा कार्य
पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान का व्यापक पुनर्विकास व सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार विहार शहर का महत्वपूर्ण क्षेत्र है जहां बड़ी संख्या में शहर के नागरिक यहां पहुंचते हैं। यह उद्यान आने वाले समय में नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उद्यान के पुनर्विकास से क्षेत्र की सुंदरता बढऩे के साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
शहर का सर्वांगिण विकास हमारा संकल्प
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि बिलासपुर के सर्वांगीण विकास का हमारा संकल्प है। शहर के हर वार्ड और हर नागरिक तक विकास की सुविधाएं हम पहुंचाएंगे। आने वाले समय में शहर में अधोसंरचना, स्वच्छता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को और गति दी जाएगी। कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी,सभापति विनोद सोनी, पूर्व महापौर किशोर राय एमआईसी सदस्य बंधुलाल मौर्य,जोन अध्यक्ष गणेश रजक, रंगा नादम पार्षद ध्रुव कोरी, एल्डरमेन शेखर पाल, योगेश बोले समेत निगम के अधिकारी व आम नागरिक उपस्थित रहें।


