महिला से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, मस्तूरी पुलिस की कार्रवाई

बिलासपुर. मस्तूरी पुलिस ने छठ्ठी कार्यक्रम में शामिल होने आई 45 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म करने के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल किया है। मस्तूरी पुलिस के अनुसार रायपुर के तिल्दा क्षेत्र में रहने वाली 45 वर्षीय महिला छट्टी कार्यक्रम में शामिल होने अपने रिश्तेदार के घर खैरा आई थी। 29 जनवरी 2021 की रात 9 बजे गांव में रहने वाला आरोपी लक्ष्मी प्रसाद यादव उसे हाथ पकड़कर जबरदस्ती घर के पीछे ले गया व बलपूर्वक उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बीमार होने से पीड़िता अपने घर तिल्दा चल दी थी। ठीक होने के बाद उसने मस्तूरी थाना में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। जुर्म दर्ज होने की जानकारी होने पर आरोपी फरार हो गया था। मस्तूरी टीआई एसपी चतुर्वेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने टीम लगाया। पुलिस को मुखबीर से आरोपी के सीपत क्षेत्र के ग्राम कोड़िया में होने की जानकारी मिली। इस पर एएसआई एच एस पटेल, आरक्षक मिथलेश सोनी एवं कमलेश्वर शर्मा ने कोड़िया में दबिश देकर आरोपी लक्ष्मी प्रसाद यादव उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल किया है।