नेहरू नगर में कारोबारी के सूने मकान में करोड़ों की चोरी
नगदी, सोने-चांदी के जेवर और कीमती रत्न चोरी होने की आशंका
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में चोरों ने एक बड़े कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, ज्वैलरी और कीमती रत्न समेत करीब करोड़ों रुपये का माल चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चोरी किए गए सामान और वास्तविक नुकसान की अंतिम पुष्टि मकान मालिक दंपत्ति के लौटने और घर में रखे सामान का मिलान होने के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर कारोबारी रजनीश सेठ का मकान है। रजनीश सेठ और उनकी पत्नी तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोरों ने मकान में घुसने के लिए एसी लगाने की जगह को हटाकर रास्ता बनाया और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के कमरों और अलमारियों को खंगालते हुए कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने मकान के भीतर प्रवेश करने के बाद एक-एक कमरे की तलाशी ली। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, ज्वैलरी, कीमती रत्न और नगदी समेत अन्य सामान चोरी किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। रात करीब 11 बजे चोरी की जानकारी मिलने के बाद कारोबारी के एक मित्र ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने मकान और परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी होगी।


