70 फीट नीचे नाले मे गिरा तेज रफ्तार ट्रक, केबिन मे ही चालक की मौत

 

सरिया नाला में हुई घटना, तीन घंटे चला रेस्क्यू आपरेशन
रायगढ़ । जिले में भारी बारिश के बीच बीते शनिवार एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है। रायगढ़ – धर्मजयगढ़ मार्ग पर स्थित सरिया नाला में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक उफनते नाले के तेज बहाव में पूरी तरह डूब गया। दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और चालक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शुरुआती आशंका थी कि ट्रक के नाले में गिरने के बाद चालक पानी के तेज बहाव में बह गया होगा। इसी संभावना को देखते हुए दो अलग-अलग टीमों को खोजबीन में लगाया गया।

तीन घंटे की मशक्कत के बाद मिली सफलता
लगातार बारिश और नाले में तेज बहाव के बीच बचाव अभियान चलाना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ की टीम ने हाइड्रा मशीन समेत उपलब्ध संसाधनों की मदद से पानी में डूबे ट्रक को तलाशने और बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम को सफलता मिली। हाइड्रा की मदद से जब पानी में डूबे ट्रक के केबिन को ऊपर उठाया गया तो उसके नीचे चालक का शव दबा मिला। चालक की मौत ट्रक के केबिन के नीचे दबने से होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सरिया नाला उफान पर है। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा और देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में समा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद धरमजयगढ़ थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए पुलिस एवं बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होकर नाले में गिरने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने चालक के शव को बाहर निकाल लिया है। शव की पहचान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *