पुलिस हिरासत में मौत मामले में सीबीआई ने हत्या की एफआईआर दर्ज की
अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया
बिलासपुर। पुलिस हिरासत में युवक की मौत मामले में सीबीआई ने भी हत्या के तहत एफआईआर दर्ज की है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान आरोपी की पहचान करने का दावा किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को अगली सुनवाई से पहले जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने का निर्देश दिया है।
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मोहरा निवासी श्रवण सूर्यवंशी (35) खेती-किसानी करता था। पुलिस ने उसे 17 जनवरी 2024 को पकड़ा था। 18 जनवरी को पुलिस ने 6 लीटर महुआ शराब के साथ उसकी गिरफ्तारी का दावा किया। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर 19 जनवरी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अगले दिन 20 जनवरी को जब परिजन उससे मिलने जेल पहुंचे, तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया। कोर्ट के निर्देश पर सीबीआई की टीम मामले की जांच कर रही है। साथ ही उन अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिन्होंने न्यायिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद उचित कार्रवाई नहीं की।
हिरासत के तीसरे दिन हुई मौत
21 जनवरी को जेल में अचानक श्रवण की तबीयत बिगड़ गई। पहले जेल अस्पताल में उसका इलाज किया गया। इसके बाद हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां 22 जनवरी को उसकी मौत हो गई। जेल प्रबंधन ने दावा किया कि श्रवण को सांस लेने में दिक्कत होने पर पहले जेल अस्पताल और फिर सिम्स भेजा गया था। सिम्स पहुंचने के बाद देर रात उसकी मौत हो गई।


