पूर्व विधायक मदन डहरिया का निधन, अंतेष्ठी में शामिल हुये कांग्रेस नेता

बिलासपुर. मस्तूरी के पूर्व विधायक मदन डहरिया का आज 84 वर्ष की उम्र में गृह ग्राम अमरताल अकलतरा जांजगीर में निधन हो गया। उनकी अंतेष्ठी सायं 4.00 बजे अमरताल में सम्पन्न हुई, अंतेष्ठी में मुंगेली विधायक पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले, विधायक मस्तूरी पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति बांधी, पूर्व विधायक दिलीप लहरिया, प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय सहित अकलतरा जांजगीर के नेता शामिल हुये। पूर्व विधायक दिलीप लहरिया ने शोकसभा में श्रद्धांजली अर्पित करते हुए कहा कि मदन डहरिया का निधन समाज की क्षति है, वे सतनामी समाज के गद्दावर नेता थे, मस्तूरी के विधायक के रूप में उन्होंने अनेक विकास कार्य किये। प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय ने भी शोक सभा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रद्धांजली अर्पित करते हुए कहा कि मदन डहरिया को मस्तूरी की जनता हमेशा याद रखेगी। मस्तूरी विधानसभा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अंतेष्ठी में शामिल हुये, प्रमुख अल्ताफ कुरैशी, मालिराम डहरिया, खाण्डेकर उपस्थित थे। मदन डहरिया दो बार भाजपा से विधायक चुने गये थे, अजीत जोगी के कार्यकाल में सन् 2001 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गये थे। सन् 2003 और 2008 में मस्तूरी विधानसभा का चुनाव कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में लड़े। वे राजनीति में प्रारम्भ से ही सक्रिय रहे, अमरताल में लगातार 7 कार्यकाल तक सरपंच, अकलतरा मण्डी अध्यक्ष, जनपद सदस्य के रूप में भी अपनी सेवायें दी। उनके निधन पर पर्यटन मण्डल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, महापौर रामशरण यादव, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक ने भी शोक व्यक्त किया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!