April 4, 2026
नासिक में कुएं में कार गिरने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
नासिक. महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां दिंडोरी तालुका के एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर एक गहरे कुएं में जा गिरी। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के 9 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शिवाजी नगर इलाके में हुआ। दिंडोरी तालुका के इंदौर गांव का दरगुड़े परिवार एक बैंकेट हॉल में आयोजित समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर रात जब परिवार के सदस्य कार से अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी आयोजन स्थल के पास ही उनकी कार बेकाबू होकर कुएं में समा गई।


