चौकीदार हत्याकांड: प्रयागराज से एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
चौथे दिन भी न्याय की मांग पर डटे परिजन
बिलासपुर। सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या के बहुचर्चित मामले में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के बाद फरार हुए चार आरोपियों में से एक आरोपी दिनेश राठिया उर्फ कोकड़ू को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां उससे वारदात की साजिश, फरारी के नेटवर्क और अन्य तीन फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। वहीं दूसरी ओर मृतक के परिजन पिछले चार दिनों से बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर धरने पर बैठे हैं और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई सहित कई मांगों को लेकर आंदोलन जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपियों ने सबसे पहले बाल संप्रेक्षण गृह का सीसीटीवी डीवीआर अपने कब्जे में लिया, ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सकें। इसके बाद वे मृतक नरेंद्र खांडे की बाइक और चाबी लेकर फरार हो गए। जांच में पता चला कि सभी आरोपी पहले कटघोरा पहुंचे, जहां परिचितों से पैसों का इंतजाम किया और फिर बस से अंबिकापुर पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद चारों अलग-अलग दिशाओं में निकल गए, ताकि पुलिस की कार्रवाई से बच सकें। मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी दिनेश राठिया की लोकेशन प्रयागराज में ट्रेस की। इसके बाद विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में फरार आरोपियों के ठिकानों और हत्या की पूरी साजिश से जुड़े अहम सुराग मिलेंगे।
बाल संप्रेक्षण गृह हत्याकांड में फरार चार आरोपियों में से एक आरोपी दिनेश राठिया उर्फ कोकड़ू को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है। उससे पूछताछ के आधार पर फरार तीनों आरोपियों की तलाश और तेज कर दी गई है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की पूरी साजिश और वारदात के कारणों का खुलासा किया जाएगा।


