धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, हेमा ने किया ग्रहण
नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा। फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत और शास्त्रीय संगीतकार एवं वायलिन वादक एन. राजम को पद्म विभूषण से सम्मानित किया। धर्मेंद्र को कला के क्षेत्र में असाधारण और उत्कृष्ट सेवा के लिए यह पुरस्कार दिया गया, जिसे उनकी पत्नी एवं सांसद हेमा मालिनी ने ग्रहण किया। राजम को भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके अहम योगदान, खासकर ‘गायकी अंग’ शैली के माध्यम से वायलिन प्रस्तुति को नया स्वरूप प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी; चुनौतियों का सामना कर रही पारंपरिक भारतीय कला ‘अवधान’ को पुनर्जीवित करने वाले शतावधानी आर गणेश; कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय सुरेश कुमार कोटक और उदर रोग विशेषज्ञ कल्लीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी को पद्म भूषण से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने विज्ञापन गुरु पीयूष पांडे और पूर्व सांसद विजय कुमार मल्होत्रा को भी मरणोपरांत इस सम्मान से नवाजा। पांडे की पत्नी और मल्होत्रा के बेटे ने सम्मान प्राप्त किया।


