नए मतदाताओं के नाम जोड़वाने घर-घर जाएंगे कांग्रेस और भाजपा
बिलासपुर। इन दिनों भाजपा और कांग्रेस एक ही उद्देश्य से आगे बढ़ रही है। नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए भाजपा और कांग्रेस काम प्रारंभ कर दिए हैं। दोनों दलों ने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस ने वोट रक्षक अभियान शुरू कर वोट रक्षक एप लॉन्च किया है। जबकि भाजपा ने विधानसभा क्षेत्र के 143 बूथों पर बैठक कर कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क करने और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों दलों ने मतदाता सूची की जांच के लिए संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) की बैठक में जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने वोट रक्षक एप लॉन्च किया। उन्होंने ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को एप मोबाइल में डाउनलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एप के माध्यम से मतदाता सूची में नामों की जांच की जाएगी। किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने या सूची में गड़बड़ी मिलने पर समय रहते जानकारी जुटाकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सभी ब्लॉक, मंडल, पंचायत और बूथ अध्यक्षों को मतदाता सूची वितरित करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा।
लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का अभियान: अटल
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी मतदाता सूची जरूरी है। वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर एकजुट होकर मतदाता सूची की निगरानी करने की अपील की। बैठक में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी और पूर्व विधायक सियाराम कौशिक भी मौजूद रहे।


