अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छाया छत्तीसगढ़ पर्यटन
‘बाहुबली वाटरफॉल’, VR ज़ोन और लोक संस्कृति के कायल हुए दिल्लीवासी – कौशिक ने किया पवेलियन का अवलोकन
कौशिक बोले – नक्सल मुक्त बस्तर अब पर्यटन का नया केंद्र बनेगा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की पहचान पूरे विश्व में बढ़ रही है
नई दिल्ली . राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) के छत्तीसगढ़ पवेलियन में छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग का स्टॉल आगंतुकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहाँ पर्यटकों ने राज्य के अनछुए पर्यटन स्थलों की झलक देखी और वर्चुअल रियलिटी (VR) तकनीक का रोमांचक अनुभव लिया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ पवेलियन के सभी स्टॉलों का अवलोकन किया।स्टॉल पर मौजूद पर्यटन विभाग के ओएसडी ने आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत और नए पर्यटन आयामों से अवगत कराया। उन्होंने कुतुब मीनार से भी ऊंचे गिरौदपुरी धाम स्थित ‘जैतखाम’ की भव्यता के साथ-साथ नक्सल मुक्त हो रहे बस्तर के अनछुए और मनमोहक स्थलों की जानकारी दी। इसमें विशेष रूप से नारायणपुर का हांदवाड़ा जलप्रपात (बाहुबली वाटरफॉल), दंतेवाड़ा के ढोलकल गणेश, विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा, बीजापुर का नंबी जलप्रपात और कोंडागांव के टाटामारी हिल स्टेशन शामिल रहे। इसके साथ ही माननीय प्रधानमंत्री जी के बस्तर प्रवास और दिवाली मिलन से जुड़ी रोचक जानकारियों ने भी दर्शकों को खासा आकर्षित किया।
इस अवसर पर धरमलाल कौशिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा छत्तीसगढ़ के विकास के लिए किए जा रहे विशेष प्रयासों का उल्लेख किया।
श्री कौशिक ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में अभूतपूर्व काम हुआ है। नई पर्यटन नीति के माध्यम से बस्तर, सरगुजा और मैदानी क्षेत्रों के अनछुए स्थलों को विश्व पटल पर लाया जा रहा है। चित्रकोट, तीरथगढ़, हांदवाड़ा (बाहुबली वाटरफॉल), ढोलकल गणेश, कुटुमसर गुफा, टाटामारी, मैनपाट, सिरपुर, भोरमदेव और गिरौदपुरी जैसे स्थलों को इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है। होम स्टे, पर्यटक सुविधाएं, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और आदिवासी समुदाय को सीधा लाभ मिल रहा है।
श्री कौशिक ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प, राज्य में निवेश प्रोत्साहन, इको-टूरिज्म और विश्व प्रसिद्ध कोसा साड़ी सहित प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियों ने आज दिल्ली में सबका मन मोह लिया है। छत्तीसगढ़ अब केवल धान का कटोरा नहीं, बल्कि पर्यटन, संस्कृति और निवेश का भी नया केंद्र बन रहा है। श्री कौशिक ने आगे कहा कि राज्य में निवेश प्रोत्साहन, इको-टूरिज्म, कोसा और हस्तशिल्प को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों से छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। छत्तीसगढ़ अब केवल धान का कटोरा नहीं रहा, बल्कि यह पर्यटन, संस्कृति, उद्योग और निवेश का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। IITF जैसे अंतर्राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की जो छवि बनी है, वह निश्चित रूप से प्रदेश के विकास और रोजगार दोनों को नई गति देगी।


