जिले में 24 घंटे से ज्यादा बारिश, कई धान खरीदी केंद्रों में पसरा रहा सन्नाटा

1.36 लाख किसानों की बढ़ी चिंता

बिलासपुर.  जिले में 24 घंटे से रूक-रूककर बारिश हो रही है। इसके चलते खेतों में पानी भर गया है। किसान अपने अपने फसल को काटकर खेत में छोड़ दिया है। जिससे धान खराब होने की संभावना बढ़ गई है। इस साल 1 लाख 72 हजार एकड़ में धान की फसल बोई गई है।

धान खरीदी के लिए 1.36 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। असमय बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वे अब बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि खेतों में जमा पानी निकालकर फसल को और नुकसान से बचा सकें। गुरुवार रात से लगातार हो रही बारिश से किसान परेशान हैं। शनिवार सुबह तक करीब 36 घंटे की बारिश से खरीदी केंद्रों में धान में नमी का खतरा है। बारिश के चलते ज्यादातर केंद्रों में धान खरीदी बंद रही। वहीं, खेतों में खड़ी फसल की तुलना में लुआई के बाद करपा और खरही के रूप में रखे धान को ज्यादा नुकसान होने की आशंका है। जिन केंद्रों में खरीदी की तैयारी थी, वहां भी मौसम खराब होने के कारण तौल का काम प्रभावित हुआ। कृषि विशेषज्ञों का दावा है कि अब तक की बारिश से ऐसे धान का करीब 30 फीसदी हिस्सा प्रभावित हो सकता है।

3358.64 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई

जिले में धान खरीदी के लिए कुल 154 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से वर्तमान में 124 केंद्रों में खरीदी की जा रही है। अब तक जिले में 3358.64 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। शुक्रवार से धान खरीदी प्रभावित है। केंद्रों में किसानों के पहुंचने और धान की तौल की प्रक्रिया पर भी असर पड़ा। जबकि, कुछ जगहों पर बारिश के बीच तिरपाल लगाकर धान का तौल किया गया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *