स्नैपचैट पर दोस्ती का जाल, चांपा बुलाकर चाकू की नोक पर लूटे 60 हजार

हनी ट्रैप के जरिए वारदात को दिया अंजाम, युवती समेत छह आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक और मोबाइल जब्त
जांजगीर-चांपा. सोशल मीडिया पर दोस्ती के बहाने युवक को अपने जाल में फंसाया और मिलने के लिए चांपा बुलाकर चाकू की नोक पर लूटपाट कर ली। मड़वा प्लांट के पास हुई इस वारदात का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक से 60 हजार रुपए नकद और सोने की अंगूठी लूटी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपए, घटना में प्रयुक्त मोबाइल और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के मनीष वर्मा की पहचान स्नैपचैट के माध्यम से एक युवती से हुई थी। बातचीत के दौरान युवती उसे लगातार मिलने के लिए चांपा बुला रही थी। चार नवंबर को मनीष अपने दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ा और खुद उससे मिलने आगे चला गया। रात करीब 12.20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह युवक कार के पास पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर मनीष को बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों व बेल्ट से मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर 60 हजार रुपए नकद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। जांच में युवती की भी इस वारदात में आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहने और बिना पहचान की पुष्टि किए सुनसान स्थानों पर मिलने नहीं जाने की अपील की है।
पांच युवक और एक युवती गिरफ्तार
पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 115(2), 308(2), 111(1) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमित राठौर (21), रवि झलरिया (24), किशन कर्ष (21), कुनाल पाण्डेय (20), मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19) और एक युवती को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी जांजगीर-चांपा और रायगढ़ जिले के निवासी हैं।

