केदारनाथ पहुंचे 19.33 लाख श्रद्धालु, पीछे छोड़ गए 73 टन कचरा
देहरादून. उत्तराखंड में चार धामों में से एक केदारनाथ में इस साल वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान 73 टन कचरा निकला, जो पिछले साल की तुलना में 3.4 गुना अधिक है। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी सामने आयी है। रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ मंदिर में इस बार रिकॉर्ड 19.33 लाख तीर्थयात्री पहुंचे। बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार को सर्दियों के लिए बंद होने के साथ ही इस साल की चार धाम यात्रा संपन्न हो गई। केदारनाथ नगर पंचायत द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल निकले 73 टन कचरे में से 51.5 टन सूखा कचरा और 22 टन जैविक कचरा था।
आंकड़ों के अनुसार, 2025 में केदारनाथ में 21.40 मीट्रिक टन कचरा जबकि 2024 में 26.10 मीट्रिक टन और 2023 में 32.58 मीट्रिक टन कचरा निकला था। केदारनाथ नगर पंचायत के कार्यकारी अधिकारी नीरज कुकरेती ने बताया, ”जैविक कचरे को लैंडफिल (कूड़ा भरने की जगह) में निस्तारित किया जाता है, जबकि सूखे कचरे को ‘बेलिंग’ विधि से प्रसंस्कृत किया जाता है। इसे वापस सोनप्रयाग लाया जा रहा है, जहां से इसे आगे के प्रसंस्करण के लिए भेजा जाएगा।” उन्होंने बताया कि सूखे कचरे में विशेष प्रकार का प्लास्टिक पीईटी और पानी की बोतलें, चिप्स और इंस्टेंट नूडल्स के पैकेट, कार्डबोर्ड, कम घनत्व वाला प्लास्टिक और टेट्रा पैक शामिल हैं।


