November 16, 2026
उगते सूर्य को अघ्र्य देकर हजारों श्रद्धालुओं ने छठी मैया की पूजा
36 घंटे उपवास के बाद व्रत का पारण हुआ
बिलासपुर. लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का सोमवार सुबह तोरवा स्थित अरपा तट के छठ घाट पर श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हुआ। उगते सूर्य की पहली किरण के साथ हजारों व्रतियों ने भगवान भास्कर को अघ्र्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण हुआ। छठी मैया के जयकारों, पारंपरिक गीतों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा घाट भक्तिमय नजर आया।
सोमवार की सुबह तडक़े से ही छठ घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरे और हाथों में फल, नारियल, गन्ना और पारंपरिक प्रसाद से भरे सूप लेकर व्रती महिलाएं घाट पहुंचीं। जैसे ही क्षितिज पर सूर्य की लालिमा दिखाई दी, जल में खड़े होकर व्रतियों ने भगवान सूर्य को दूध और जल से अघ्र्य अर्पित किया। इस दौरान संतान की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार के मंगल की कामना के साथ छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, नगर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, पल्लव धर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी छठ घाट पहुंचे। छठ पूजा समिति के पदाधिकारियों ने अपने परिवार के साथ भगवान सूर्य को अघ्र्य अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। पूजा और अघ्र्य के बाद व्रतियों ने जल ग्रहण कर प्रसाद के साथ 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया। इसके बाद श्रद्धालुओं और परिचितों के बीच छठ का पारंपरिक प्रसाद, विशेषकर घरों में शुद्धता के साथ तैयार किया गया ठेकुआ वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए भी लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
तोरवा छठ घाट में मेले जैसा रहा माहौल
छठ घाट पर केवल पूजा-अर्चना ही नहीं, बल्कि मेले जैसा माहौल भी रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे परिवारों ने पूजा के साथ मेले का आनंद लिया। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह रहा। पूजन सामग्री, खानपान और अन्य दुकानों पर भी अच्छी चहल-पहल रही। सुबह से लेकर पूजा संपन्न होने तक घाट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
26 वर्षों से छठ महापर्व का हो रहा आयोजन
पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त प्रयासों से तोरवा छठ घाट पर पिछले 26 वर्षों से छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। समय के साथ यह आयोजन केवल एक समाज तक सीमित न रहकर पूरे बिलासपुर की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन गया है। उगते सूर्य को अघ्र्य के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हुआ।
पूजा समिति ने बांटे प्रसाद
छठ पूजा समिति ने भगवान सूर्य को अघ्र्य देने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटे। व्रतियों को गाय का कच्चा दूध दिया गया। घाट पर उपस्थित सभी भक्तों को समिति की ओर से भोग का वितरण किया गया। पूजा संपन्न होने के बाद सभी श्रद्धालु अपने अपने घर की ओर निकल गए।
कलेक्टर व एसएसपी परिवार के साथ पहुंचे
इस दौरान घाट पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और सूर्य देव से सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी भगवान सूर्य को जल अर्पित की। जबकि एसएसपी और कलेक्टर भी परिवार के साथ छठ घाट पहुंचे।


