सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती समारोह में शामिल हुए राज्यमंत्री तोखन साहू

 

लोरमी (मुंगेली)। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री  तोखन साहू ने मुंगेली जिले के लोरमी स्थित कबीर भवन प्रांगण में सर्व कुर्मी युवा मंडल द्वारा आयोजित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल  की 151वीं जयंती समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया। उन्होंने आयोजन के लिए सर्व कुर्मी युवा मंडल एवं समाज के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन त्याग, तपस्या, दृढ़ इच्छाशक्ति और अटूट राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं का त्याग कर अपना जीवन देश की स्वतंत्रता और सेवा के लिए समर्पित किया। बारडोली सत्याग्रह में किसानों के अधिकारों के लिए उनके नेतृत्व और संघर्ष ने उन्हें ‘सरदार’ की पहचान दिलाई।

श्री साहू ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की निर्णायक भूमिका ने भारत की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, अदम्य साहस और कूटनीतिक कौशल के कारण देश एक सूत्र में बंध सका। इसी योगदान के लिए पूरा राष्ट्र उन्हें लौह पुरुष के रूप में सम्मानपूर्वक स्मरण करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के योगदान और आदर्शों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। गुजरात में स्थापित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सरदार पटेल के व्यक्तित्व और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना का प्रतीक है। राष्ट्रीय एकता दिवस के माध्यम से भी देशवासियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति संकल्पित होने की प्रेरणा मिलती है।

श्री साहू ने समारोह के दौरान आयोजित भव्य बाइक रैली की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्रभक्ति के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ समाज में एकता, संगठन और राष्ट्रनिर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। समारोह में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *