शादी का कार्ड भेजकर मोबाइल हैक, एसबीआई खाते से उड़ाए 98 हजार रुपए

केरल से आरोपी गिरफ्तार, निमंत्रण पत्र के नाम पर भेजी थी संदिग्ध फाइल, डाउनलोड करते ही खाली हो गया बैंक खाता
जांजगीर-चांपा। साइबर ठग अब शादी का निमंत्रण पत्र भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जांजगीर में सामने आया, जहां व्हाट्सऐप पर शादी का कार्ड बताकर भेजी गई फाइल डाउनलोड करते ही युवक का मोबाइल हैक हो गया और उसके एसबीआई बैंक खाते से 98 हजार रुपए पार हो गए। मामले में जांजगीर साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को केरल से गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर 6 जून 2026 को व्हाट्सऐप के माध्यम से शादी का निमंत्रण पत्र बताकर एक संदिग्ध मोबाइल एप्लीकेशन फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल से जुड़े एसबीआई बैंक खाते से 98 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से प्राप्त बैंक खाते की जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। केरल के मल्लपुरम जिले के कोण्डोट्टी निवासी अब्दुल अजीज (29) के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की 98 हजार रुपए की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने और उसे निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। जांच में आरोपी के खाते में गुजरात से जुड़ी एक अन्य साइबर ठगी की 21 हजार रुपए की संदिग्ध रकम भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर बैंक खाते को बंद कराने के लिए सीज कराया है। आरोपी को पारगमन रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान उप निरीक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र, आरक्षक प्रतीक सिंह और आरक्षक राजा जयप्रकाश रात्रे का योगदान रहा।
शादी का कार्ड समझकर न खोलें अनजान फाइल
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सऐप पर शादी का कार्ड, मोटर चालान या सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर भेजी गई किसी भी अनजान मोबाइल एप्लीकेशन फाइल को डाउनलोड न करें। परिचित व्यक्ति के नाम से फाइल आने पर भी पुष्टि किए बिना उसे न खोलें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *