भारत गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है : राहुल
न्यूयॉर्क. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। कांग्रेस नेता ने कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत के आर्थिक मॉडल ने करीब एक दशक पहले ही अपेक्षित परिणाम देना बंद कर दिया था।
राहुल ने कहा, ‘सीधी बात यह है कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। यही वास्तविकता है। आप इसे नजरअंदाज कर सकते हैं, मीडिया भी इसे अनदेखा कर सकती है, लेकिन सच्चाई यह है कि भारत बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। देश की शिक्षा प्रणाली में भी व्यापक समस्याएं हैं।’ राहुल ने विश्वविद्यालय में सैकड़ों छात्रों और शिक्षकों को संबोधित किया। राहुल ने कहा, ‘भारतीय अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ छोटे और मझोले व्यवसाय और कृषि हैं। छोटे और मझोले व्यवसाय रोजगार पैदा करने का प्रमुख माध्यम हैं। भारत के लिए ये दोनों क्षेत्र बुनियादी जरूरत हैं लेकिन अर्थव्यवस्था की रीढ़ कमजोर हो चुकी है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी जैसे कुछ बड़े उद्योगपतियों के कारोबारी समूह ही लगातार विस्तार कर रहे हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने वर्षों की मेहनत से जिस आर्थिक ढांचे को खड़ा किया था, उसे कमजोर कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों से बिना सलाह-मशविरा किए उनकी जमीनें छीनी जा रही हैं। इसके अलावा अल्पसंख्यकों, दलितों और किसानों पर हमले हो रहे हैं तथा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। राहुल ने स्वीकार किया कि बड़ी संख्या में भारतीय छात्रों को विदेशों में उपलब्ध अवसरों का लाभ मिला है। हालांकि, उन्होंने कहा कि देश की प्राथमिकता अपनी घरेलू आर्थिक चुनौतियों का समाधान करना होनी चाहिए। राहुल ने कहा, ‘अमेरिका में ईंधन की कीमतें अचानक इतनी क्यों बढ़ गईं? क्योंकि अमेरिकी ताकत उन्हें नियंत्रित नहीं रख सकी। अमेरिका ईरान पर अपनी इच्छा नहीं थोप सका। इसलिए हम अमेरिकी शक्ति में तेजी से गिरावट देख रहे हैं।’


