बारिश से धान नहीं बेच पाए किसानों को मिलेगा नया टोकन, प्रभारी सचिव ने दिए निर्देश

बिलासपुर। बारिश के कारण धान खरीदी केंद्रों तक उपज नहीं पहुंचा पाने वाले किसानों को अब उनकी सुविधानुसार नई तारीख का टोकन दिया जाएगा। अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने सोमवार को पांच धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव और सैदा केंद्रों में खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रभारी सचिव ने कहा कि धान खरीदी में पारदर्शिता सर्वोपरि है। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की जांच कराई और निगरानी समिति के सदस्यों के नाम व मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन केंद्रों का निरीक्षण करने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा कर बारिश से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि खेतों में पानी भरने से हार्वेस्टर से कटाई में परेशानी हो रही है। उन्होंने खरीदे गए धान को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल सहित अन्य जरूरी इंतजाम बनाए रखने को कहा।
400 किसानों के रिकॉर्ड में मिली त्रुटियां
रानीगांव समिति में किसानों के रिकॉर्ड सुधार की समीक्षा में बताया गया कि करीब 400 किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियां थीं। इनमें 250 का सुधार किया जा चुका है, जबकि शेष 150 के सुधार प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। प्रभारी सचिव ने काम जल्द पूरा करने और 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता मिलने की जानकारी का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल मौजूद रहे।

