आंनद सागर सेवा प्रवाह ने किया वृद्धों का सम्मान
बिलासपुर. आनंद सागर सेवा प्रवाह की संस्थापिका एवं अध्यक्ष डॉ.सुषमा पांड्या द्वारा चेतना हाल,पुलिस लाइन में आयोजित भव्य समारोह में वृद्ध दंपतियों एवं एकल बुजुर्गों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य आसंदी से बोलते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति डाॅ.चंद्र भूषण वाजपेयी ने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारे समाज और विशेषतः युवा वर्ग के लिए यह प्रेरणास्पद है। पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से आज जब हमारा समाज शनैः-शनैः टूट रहा है ऐसे में वृद्ध जनों का सम्मान करना भारतीय परिवार परंपरा के मूल आदर्श को संरक्षित और पुनर्जीवित करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं थावे विद्यापीठ बिहार के कुलाधिपति डॉ.विनय कुमार पाठक ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान हमारी भारतीय परंपरा और संस्कृति का सम्मान है। आज जब वैश्विक स्तर पर पारिवारिक मूल्य टूट रहे हैं, ऐसे में डॉ सुषमा वृद्धजनों का अभिनंदन कर हमारे समाज को सकारात्मक संदेश दे रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हिंदी साहित्य का वृद्ध विमर्श की चर्चा में आनंद सागर सेवा प्रवाह के योगदान को भी शामिल किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि समाज सेवी अनिल टाह ने बधाई देते हुए कहा कि निश्चित रूप से यह सम्मान युवाओं और हमारे समाज के लिए प्रेरणादायी होगा।
विशिष्ट अतिथि पूर्व आई.एस.एस. डॉ.रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि हमारी संस्कृतिक परंपरा में माता-पिता को ईश्वर के समकक्ष माना गया है। वृद्ध दंपतियों का सम्मान करते डॉ सुषमा पांड्या ने हमारी परंपरा को गौरवान्वित किया।
सम्मानित होने वाले में अस्सी वर्ष से अधिक बुजुर्ग दंपति के साथ सहजीवन साथी सम्मान, संस्कार दाता सम्मान और सियान सेवा सम्मान दिया गया। चौदह लोगों को अस्सी वर्ष से अधिक बुजुर्ग दंपति सम्मान,पंद्रह लोगों को,जो अकेले पिता थे, संस्कार दाता सम्मान,सात लोग जो अकेले माता जी थीं, उन्हें मातृवंद्या सम्मान तथा जो वृद्ध माता-पिता के सेवा मे संलग्न हैं, ऐसे पच्चीस बेटा,बेटी,पुत्रवधू, नाती-पोते को सियान सेवा सम्मान से विभूषित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रमुख रूप से सर्वश्री भरत लाल श्रीवास, श्री महादेव, सी.राम. कृष्ण,मनहरण लाल पांडेय, डॉ टी.के.मिश्रा,नानक राम मखीजा, डॉ.किरण शंकर देवरस, शत्रुघ्न प्रसाद सिंह सरवा,धरम लाल साहू, गिरधारी गिरी,गणेश प्रसाद कश्यप, रामदास वैश्णव, मानस कुमार साहा और श्रीमती कली चौहान जी थी।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान के रमणेश मूर्ति आनंद, आनंद सागर सेवा प्रवाह की उपाध्यक्ष सुमिता दास गुप्ता, सचिव रश्मि श्रीवास, कार्यकारी सचिव ज्योत्स्ना मिश्रा, सहसचिव निहारिका श्रीवास, कोषाध्यक्ष पंडित बाबू लाल पांड्या, नरेंद्र गुप्ता एवं कार्य कारणी के सदस्य नीलिमा गुलहरे, शांति लकड़ा, ऊषा पटेल, आस्था शर्मा, नूतन यादव, जयंती विश्वास, प्रकाश शर्मा, अरव और धीरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में नरेन्द्र गुप्ता ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


