शरद ऋतु की फुहारों के बीच काव्य-वर्षा

 

बिलासपुर. शरद ऋतु की रिमझिम फुहारों से सुहाने हुए मौसम में भारतेंदु साहित्य समिति के तत्वावधान में सांईं आनंदम के विशाल सभागार में कंठस्थ काव्य-पाठ गोष्ठी अभियान के अंतर्गत ‘काव्य फुहार’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार डॉ.देवधर दास महंत ने की तथा संचालन मयंक मणि दुबे ने किया। नगर के श्रेष्ठ कवि-कवयित्रियों ने अपनी सहभागिता से आयोजन को साहित्यिक गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. देवधर दास महंत ने सभी कवियों की रचनाओं की संक्षिप्त समीक्षा की। उन्होंने कविता भी प्रस्तुत की—
” अगर हार का स्वाद मिला है,
विजय तिलक भी आएगा।
एक सुनहरा भोर छिपा है,
काली-काली रातों में।”
वरिष्ठ कवि विजय कल्याणी तिवारी ने काग के माध्यम से संदेश भेजने की पुरानी परंपरा का स्मरण कराते हुए अपनी रचना प्रस्तुत की-

“सुन रे कागा संदेश ले जाना,
गाँव हमारे ध्यान रहे आ जाना।”
वरिष्ठ साहित्यकार अमृत लाल पाठक ने अपनी सजल के माध्यम से अवध, मिथिला और ब्रजधाम को अपनी लेखनी में पिरोकर उन्होंने वातावरण को आध्यात्मिक रस से सराबोर कर दिया—

” है पहुँच जाती अवध मिथिला कभी,
पहुँचती ब्रजधाम लिखती लेखनी।”
आचार्य ओमप्रकाश भट्ट ने दीपक को संघर्ष और साहस का प्रतीक बनाते हुए संदेश दिया—

” माटी का दीपक कहता है,
मैं जलकर भी मुस्कुराता हूँ।
कुछ बूँद तेल, छोटी बाती,
फिर भी तम से लड़ जाता हूँ।”

श्रीमती मनीषा भट्ट ने आध्यात्मिक भावों की अभिव्यक्ति करते हुए कहा-

“लगे हर रात पूनम सी,
शाम जब मन में बस जाए।”

सजलकार मयंक मणि दुबे ने अपनी प्रस्तुति में श्रोताओं की भरपूर वाहवाही बटोर—

” आँखों में आँसू का नग है,
खग की भाषा जाने खग है।”
हमने तुमको दुनिया माना,
जान रहे हैं दुनिया ठग है।”
कवि राकेश पाण्डेय ‘अयोध्या’ ने अपनी उत्कृष्ट शृंगारिक रचना से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया—

” हैसियत इतनी नहीं जो भर सकूँ मैं माँग मूँगा,
इक पथिक हूँ प्रेम का मैं क्या तुम्हें प्रिय दे सकूँगा।”

श्रीमती रश्मि अग्रवाल ने अपने पिता की स्मृति में लिखी भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर करुण रस का संचार किया-

” बरगद जैसी शीतल छाया,
गिरि से उत्तुंग पिता,
मैं उनकी साँसों की सरिता,
मेरे दोनों छोर पिता।”

कवि दिनेश्वर राव जाधव ने समाज में दीमक की तरह फैल रहे भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार करते हुए अपनी रचना प्रस्तुत की-

” देख तमाशा देख रे भैया,
देख तमाशा देख।
चारों ओर है मारामारी,
कौन करेगा नेक।”

कवि शैलेन्द्र गुप्ता ने झूठ और भ्रष्टाचार में लिप्त राजनेताओं पर व्यंग्य करते हुए—
” बच्चा बोले झूठ तो जानो मंत्री होय,
लिखा यही है भाग्य में, रोक सके न कोय।”
कार्यक्रम के अंत में राकेश पाण्डेय ‘अयोध्या’ ने अतिथियों एवं उपस्थित साहित्य प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर दिवंगत साहित्यकार डॉ. गिरधर शर्मा एवं कैलाश प्रसाद अग्रवाल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रेषक : ओमप्रकाश भट्ट

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *