कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता देने के निर्णय को उत्तर प्रदेश के खाद्य मंत्री ने सराहा

 

मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की पहल को किसान हितैषी बताया, छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया की ली जानकारी

बिलासपुर. उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने किसानों द्वारा 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता प्रदान करने के छत्तीसगढ़ सरकार के निर्णय की सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के इस निर्णय को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे श्री पांडेय ने आज सर्किट हाउस में खाद्य विभाग एवं सहकारी बैंक के अधिकारियों से चर्चा के दौरान राज्य में धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

श्री पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह निर्णय किसानों के हित में अच्छी पहल है। चर्चा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित मात्रा से कम धान विक्रय करने पर भी किसानों को पूरी आदान सहायता देने का प्रावधान किया गया है। इससे अपनी जरूरत के लिए धान सुरक्षित रखने अथवा कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी सहायता का पूरा लाभ मिल सकेगा। यह निर्णय किसानों को अपनी उपज के उपयोग और विक्रय के संबंध में सहूलियत देने के साथ उनकी आर्थिक सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर श्री पांडेय ने धान उपार्जन के लिए किसान पंजीयन, टोकन व्यवस्था, खरीदी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, तौल एवं भुगतान सहित विभिन्न चरणों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने राज्य में खाद्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा विभागीय गतिविधियों की प्रगति से भी उन्हें अवगत कराया। चर्चा में किसानों और हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाने तथा प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषय शामिल रहे। इस अवसर पर खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम  नितिन दीवान, जिला विपणन अधिकारी  उपेंद्र खांडे, खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी, सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रभात मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *