राहुल के खिलाफ हाईकोर्ट का आदेश रद्द
नयी दिल्ली . सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राहत देते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया। हाईकोर्ट ने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को राहुल गांधी के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच का निर्देश दिया था। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने भाजपा के सदस्य विग्नेश शिशिर की याचिका नये सिरे से विचार के लिए हाईकोर्ट को वापस भेज दी। इसमें याचिका के सुनवाई योग्य होने या न होने के सवाल पर भी विचार करने को कहा गया है। पीठ ने अपने आदेश में कहा, ‘हाईकोर्ट द्वारा पारित सभी विवादित आदेश रद्द किए जाते हैं। मामले को इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के समक्ष रखा जाए, ताकि वह नयी पीठ का गठन कर सकें। नयी पीठ खुली अदालत में मामले की सुनवाई शुरू से करेगी।’


