नाबालिग बच्चों के साथ गांजा तस्करी, ड्रोन कैमरे से सात गिरफ्तार
बिलासपुर। नाबालिग बच्चों के साथ गांजा तस्करी करने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसमें पांच नाबालिग और दो युवक शामिल हैं। पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से सभी आरोपियों को दबोच लिया है। उनके कब्जे से पुलिस ने 6.744 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
सरकंडा पुलिस ने बताया कि कुंदरूबाड़ी और चिंगराजपारा क्षेत्र में गांजा तस्करी की शिकायत मिली थी। शहर में कुछ तस्कर कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल गांजा बेचने और सप्लाई करने में कर रहे हैं। इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार कर निगरानी शुरू की। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन और सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सरकंडा के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी शुरू की। इसी दौरान सोमवार सुबह सूचना मिली कि कुंदरूबाड़ी, चिंगराजपारा क्षेत्र में कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा बेचने और खपाने की तैयारी कर रहे हैं। इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 5 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने 6.744 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 3.35 लाख रुपये बताई जा रही है।


