चपोरा मठ की साध्वी ने नगर पालिका अध्यक्ष पर दुव्र्यवहार करने एसएसपी से की शिकायत
एएसपी मधुलिका सिंह ने मामले की जांच करने के निर्देश दिए
बिलासपुर। रतनपुर स्थित चपोरा मठ में साधना करने वाली साध्वी पद्यिनीपुरी ने रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप के खिलाफ एसएसपी से शिकायत की है। साध्वी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि अध्यक्ष ने शराब-गांजा पीने वाली बताकर भक्तों को भडक़ाया है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। अध्यक्ष ने एक बार भोजन के दौरान संत-महात्माओं के सामने उनका हाथ पकडक़र उन्हें हटाने का प्रयास किया था। उनके तिलक-चंदन लगाने और हनुमान मंदिर में रहने का विरोध करते हैं।
साध्वी पद्मिनीपुरी बताया कि 3 जून 2026 को फुलवारीपारा स्थित मथुरावासी हनुमान मंदिर आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। वहां संत-महात्माओं के साथ भोजन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप पहुंचे। इस दौरान उन्हें भोजन करने से रोकते हुए वहां से उठ जाने के लिए कहा। विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया गया। उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई गई और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस घटना के कई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद हैं, जिनमें आश्रम के महंत और अन्य संत-महात्मा शामिल हैं। इस मामले की शिकायत रतनपुर थाना पुलिस में की गई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने एसएसपी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।


