किसी मंजिल को पाने की जिद से ज्यादा जरूरी है सही दिशा में निरंतर आगे बढ़ते रहना: डॉ. माखीजा
हमर पहुना कार्यक्रम में विहिप के प्रदेश अध्यक्ष साझा किया अनुभव
बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब के पारंपरिक कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित माखीजा ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बचपन, शिक्षा, चिकित्सा क्षेत्र में प्रवेश, संघर्ष और सामाजिक जीवन से जुड़े प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जीवन में किसी एक मंजिल को पाने की जिद से ज्यादा जरूरी है सही दिशा में निरंतर आगे बढ़ते रहना।
डॉ. माखीजा ने कहा कि उन्हें कभी दूसरों की जीवनशैली से अपनी तुलना करने की आदत नहीं रही। आवश्यकता के अनुसार निर्णय लेना और मिले दायित्व को पूरी ईमानदारी से निभाना ही उनका मूल मंत्र रहा है। उन्होंने कहा, जो काम हाथ में है, उसे अच्छे से करना है और जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा से निभाना है। अपने विद्यार्थी जीवन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनका लक्ष्य अभियंता बनने का था, लेकिन परिस्थितियों के चलते जीव विज्ञान विषय लिया और बाद में चिकित्सा शिक्षा की ओर बढ़ गए। हिंदी माध्यम से मेडिकल शिक्षा लेने के दौरान अंग्रेजी भाषा चुनौती बनी, लेकिन मेहनत से उन्होंने इसे पार किया और रायपुर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया।
लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी
उन्होंने जीवन की दिशा समझाते हुए कहा कि दो बिंदुओं के बीच सीधी रेखा सबसे छोटा रास्ता होती है। इसी तरह जीवन में भी सही दिशा में आगे बढऩा चाहिए और परिस्थितियां बदलने पर उचित समय में दिशा बदलने से संकोच नहीं करना चाहिए। लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है, लेकिन परिणाम हमेशा हमारे नियंत्रण में नहीं होता। विश्व हिंदू परिषद की जिम्मेदारी पर उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक, संस्कारित, समरस और सेवाभावी बनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी पद को लक्ष्य बनाकर काम करने के बजाय जहां दायित्व मिले, वहां पूरी क्षमता से योगदान देना चाहिए।
प्रेस क्लब ने जताया आभार
कार्यक्रम में प्रेस क्लब की ओर से डॉ. माखीजा का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रेस क्लब सदस्यों के लिए स्वास्थ्य सुविधा की घोषणा करते हुए कहा कि अध्यक्ष के अधिकृत पत्र के आधार पर उनके यहां बाह्य रोगी शुल्क निशुल्क रहेगा तथा आवश्यकता पडऩे पर उपचार में भी सहयोग किया जाएगा। प्रेस क्लब ने इस पहल के लिए उनका आभार जताया।


