दो हजार रुपए के विवाद में कर दी युवक की हत्या, आरोपी नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार
लकड़ी के डंडे और हाथ-मुक्के से किया था हमला
जांजगीर/पामगढ़। उधारी के महज दो हजार रुपए मांगने को लेकर हुए विवाद में युवक की बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल शिवा उर्फ भोलेशंकर टंडन की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे (26), निवासी पामगढ़ को रायपुर के नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त की दोपहर उधारी के दो हजार रुपए मांगने की बात को लेकर अविनाश उर्फ मन्नू और उसके साथियों का रमेश टंडन उर्फ महेश तथा उसके पुत्र शिवा उर्फ भोलेशंकर से विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और लकड़ी के डंडे से दोनों के साथ मारपीट की। हमले में शिवा के सिर, पैर, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आई थीं। उसे उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस ने मर्ग डायरी प्राप्त कर उसे अपराध डायरी में शामिल किया। इसके बाद प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रायपुर स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद 31 अगस्त को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, सउनि कृष्ण कुमार कोशले, सरोज पाटले, आरक्षक बेदराम पटेल, शिवप्रसाद बघेल, वीरेंद्र सूर्यवंशी एवं महिला आरक्षक मोनिका जोगी की सराहनीय भूमिका रही।


