पोस्टर चमकाने से चेहरा नहीं चमकता: दीपक बैज
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
बिलासपुर। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पोस्टर चमकाने से चेहरा नहीं चमकता है। सरकार को रोजगार, किसान और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का चेहरा चमकाने के लिए 1100 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा सरकार और मंत्री अपनी जेब में भर रहे हैं, जबकि गांवों में विकास के काम नहीं हो रहे हैं।
आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। गुरुवार से बिलासपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत,पीसीसी चीफ दीपक बैज और वरिष्ठ नेता ताम्रध्वज साहू समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। 12 सितंबर तक चलने वाले प्रशिक्षण में ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से जुडऩे और पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने की रणनीति बताई जा रही है। कांग्रेस नेताओं का फोकस ब्लॉक स्तर से संगठन को मजबूत कर पार्टी को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर है। बिलासपुर के बाद 15 सितंबर को सरगुजा संभाग में ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण होगा। इसके बाद 20 सितंबर को रायपुर संभाग में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बस्तर और दुर्ग संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण पहले ही पूरा हो चुका है।


